ब्रेकिंग न्यूज़सरकारी योजनाहरियाणा

कागसर गांव में सीएम फ्लाइंग की बड़ी कार्रवाई

बिना दस्तावेज 1256 क्विंटल गेहूं का भंडारण बरामद, 1.88 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया

 

हिसार, 3 जुलाई

हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र के गांव कागसर में वीरवार को सीएम फ्लाइंग टीम ने अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गोदाम में बिना दस्तावेजों के भारी मात्रा में गेहूं का स्टॉक पकड़ा। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

 

कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ नारनौंद मार्केट कमेटी के उपसचिव रवि कुमार, एएसआई सुरेंद्र और एचसी विजय भी मौजूद रहे। टीम ने गांव में स्थित एक निजी गोदाम पर दबिश दी, जहां गेहूं का बड़ा भंडारण पाया गया। पूछताछ में गोदाम संचालक विनोद कुमार गेहूं की खरीद से जुड़े कोई वैध दस्तावेज या मार्केट फीस रसीद प्रस्तुत नहीं कर सका। विनोद कुमार ने स्वीकार किया कि उन्होंने बिना मार्केट कमेटी की फीस भरे किसानों से गेंहु खरीदा था।

 

सीएम फ्लाईंग इंचार्ज सुनैना ने बताया कि विनोद कुमार के खिलाफ मार्केट कमेटी की निर्धारित प्रक्रिया का उल्लंघन करने और बिना दस्तावेजों के अवैध रूप से गेहूं स्टोर करने के आरोप में मौके पर ही 1,88,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। गेहूं की मात्रा का आकलन मार्केट कमेटी के अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। जिसमें लगभग 1256 क्विंटल गेंहु पाया गया। विनोद कुमार ने मौके पर जुर्माना नहीं भरा है और उससे प्रशासन द्वारा जुर्माना की उक्त राशि भरवाई जाएगी।

 

छापेमारी की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों और आसपास के व्यापारियों को मिली, पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने स्पष्ट किया कि अनाज के किसी भी प्रकार के भंडारण के लिए वैध खरीददारी, लाइसेंस और मार्केट फीस भुगतान अनिवार्य है। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सरकार के आदेशानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस तरह की अनियमितताओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button