World Cup T20 में हरियाणा का दम, रोहतक के मयंक चौधरी का UAE टीम में चयन
World Cup T20: संघर्ष से अंतरराष्ट्रीय मंच तक, मयंक चौधरी बने युवाओं के लिए प्रेरणा
रोहतक,1फरवरी।
World Cup T20: भारत में आयोजित होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 में इस बार हरियाणा के रोहतक जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकेगा। गांव घिलौड़ कलां निवासी और दुरा डेयरडेविल्स टीम के प्रतिभाशाली क्रिकेटर मयंक कुमार चौधरी का चयन यूएई (UAE) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
5 फरवरी 1997 को जन्मे मयंक चौधरी ने महज 10 वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। उनका सपना शुरू से ही बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलना रहा। हरियाणा रणजी टीम में चयन न होने जैसी कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत करते रहे। उन्होंने गवर्नमेंट मॉडल स्कूल और डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ से शिक्षा प्राप्त की।
कॉलेज के दौरान रेड बुल कैंपस क्रिकेट चैंपियनशिप में उनके अच्छे प्रदर्शन के बाद ही उन्हें दुबई जाने का मौका मिला। पिछले 6 वर्षों से दुबई में रहकर उन्होंने कई क्लबों और लीग मैचों में शानदार खेल दिखाया। हाल ही में डीपीएल टूर्नामेंट में अबू धाबी नाइट राइडर्स टीम से चयन उनके करियर का अहम पड़ाव रहा।
करीब 20 वर्षों के संघर्ष के बाद मयंक का चयन उस यूएई टीम में हुआ है, जिसने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया है। मयंक कुमार चौधरी भाजपा नेता डॉ. दिनेश घिलौड़ के भतीजे हैं। खेल प्रेमियों का कहना है कि मयंक की यह सफलता हरियाणा के युवाओं के लिए नई प्रेरणा बनेगी और वे वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम का नाम रोशन करेंगे।