Hisar News: बिना डिग्री इलाज और बिना लाइसेंस दवाइयों का स्टॉक, क्लिनिक मालिक पर केस दर्ज
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इन्चार्ज सुनैना के नेतृत्व में कई गयी रेड
हिसार, 15 सितम्बर।
हिसार में सीएम फ्लाइंग टीम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मिलकर एक निजी अस्पताल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वहां अवैध तरीके से इलाज करने और बिना ड्रग लाइसेंस दवाइयों का स्टॉक रखने का भंडाफोड़ किया।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में की गई इस रेड में टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल ऑफिसर डॉ. ज्योति, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर डॉ अजय कुमार, एएसआई सुरेंद्र और एचसी विजय भी मौजूद रहे। इस मौके पर पुलिस भी मौजूद रही।
श्री बालाजी क्लिनिक में छापा
जानकारी के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि हिसार के श्री बालाजी क्लिनिक में एक गैर-डिग्रीधारक व्यक्ति मरीजों का इलाज कर रहा है और उनके जीवन को खतरे में डाल रहा है। इसी आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान क्लिनिक पर सुनील निवासी गांव लुदास, हिसार मौजूद मिला, जिसने स्वयं को क्लिनिक का मालिक बताते हुए मेडिकल प्रैक्टिस करते हुए पाया गया। जांच में सामने आया कि सुनील के पास इलाज करने की कोई मान्यता प्राप्त डिग्री या प्रमाण पत्र नहीं है।
मरीज भी मिले, दवाइयों का जखीरा बरामद
मौके पर दो मरीज — दीपक निवासी हशनपुर, उत्तर प्रदेश और योगेश कुमार निवासी शाहपुर क्लिनिक में भर्ती मिले और उन्हें IV फ्लूड चढ़ाया जा रहा था।
क्लिनिक परिसर से बड़ी मात्रा में ऑलोपैथिक दवाइयाँ, मेडिकल उपकरण और दो बेड बरामद किए गए। बाद में मौके पर पहुंचे डॉ अजय कुमार ड्रग कंट्रोल ऑफिसर, हिसार-1 ने दवाओं के स्टॉक की जांच की। आरोपी सुनील किसी भी प्रकार का ड्रग लाइसेंस, बिक्री/खरीद रजिस्टर या दवाओं की आपूर्ति का स्रोत दिखाने में नाकाम रहा।
उसने केवल यह बताया कि यहां पर डॉ. अजय कुमार BAMS, विजिटिंग डॉक्टर के रूप में आते हैं और उन्होंने यह परिसर जगदीश से किराए पर लेकर चला रहा है।
सामान जब्त, केस दर्ज
रेड की कार्रवाई के बाद टीम ने मौके से दो प्रकार के मेडिकल उपकरण, उपयोग की गई दवाइयाँ और 12 प्रकार की ऑलोपैथिक दवाइयाँ जब्त कर पुलिस के हवाले कर दीं।
टीम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि आरोपी सुनील बिना किसी वैध डॉक्यूमेंट अथवा डिग्री के मेडिकल प्रैक्टिस कर रहा था, भोले-भाले लोगों की जान को खतरे में डाल रहा था तथा बिना ड्रग लाइसेंस के दवाओं का स्टॉक कर रहा था। जिस पर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करवाया जाएगा। रेड के दौरान पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।
https://shorturl.fm/Qrpvj