Haryana Board Result: 12वीं में 18 स्कूलों का रिजल्ट शून्य, कहीं दो तो कहीं 13 में से कोई नहीं हुआ पास
Haryana Board Result: 18 schools have zero result in 12th, somewhere two students passed and somewhere none of the 13 passed
Haryana Board Result: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 12वीं के परिणाम घोषित करने के बाद एक संवेदनशील और जिम्मेदार पहल की है.
बोर्ड ने उन 100 स्कूलों की सूची तैयार की है जिनका परिणाम 35 प्रतिशत से भी कम रहा है.
इस सूची को शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग, पंचकुला को भेजा गया है ताकि ऐसे स्कूलों में सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें.
इस साल प्रदेश का कुल 12वीं का परिणाम तो 85.66% रहा, लेकिन कुछ स्कूलों का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा. रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 18 स्कूल ऐसे हैं जिनका रिजल्ट शून्य आया है यानी एक भी छात्र पास नहीं हो सका.
हैरानी की बात यह है कि इन स्कूलों में छात्रों की संख्या भी बहुत कम है- कहीं केवल 1 या 2 छात्र थे तो कहीं 13 छात्रों में से कोई भी पास नहीं हो सका.
बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने जानकारी दी कि यह केवल निंदा करने की बात नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य उन छात्रों और शिक्षकों तक पहुंचना है जो किन्हीं कारणों से पीछे रह गए.
उन्होंने कहा कि ऐसे स्कूलों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम (ओरिएंटेशन) चलाए जाएंगे ताकि शिक्षकों को नई और प्रभावी शिक्षण विधियों से जोड़ा जा सके.
इसके अलावा बता दें कि सिर्फ अध्यापकों को ही नहीं, छात्रों और उनके अभिभावकों से भी बातचीत कर यह समझने की कोशिश की जाएगी कि बच्चों के कमजोर प्रदर्शन के पीछे क्या कारण रहे.
क्या उन्हें पढ़ाई में कोई दिक्कत थी, क्या संसाधनों की कमी थी या फिर उन्हें मार्गदर्शन नहीं मिल पाया.
इन सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा. इस सकारात्मक पहल से यह संदेश जाता है कि शिक्षा केवल परीक्षा और परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि हर बच्चे की प्रगति की जिम्मेदारी समाज और सरकार दोनों की होती है.
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का यह कदम उन स्कूलों और छात्रों के लिए आशा की किरण है जो अभी कमजोर हैं लेकिन मेहनत और सही मार्गदर्शन से आगे बढ़ सकते हैं.
यह फैसला न केवल आंकड़ों को सुधारने की कोशिश है, बल्कि एक मानवीय पहल है जो शिक्षा व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है.