हरियाणाब्रेकिंग न्यूज़

संगठन के नए पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेवारी से अवगत कराने के लिए गुरूग्राम में प्रशिक्षण शिविर का किया आयोजन, अभय सिंह चौटाला ने दिए दिशा निर्देश

हम नए सीरे से पार्टी को बूथ स्तर तक ले जाकर खड़ा करेंगे: चौ अभय सिंह चौटाला

 

25 सितंबर को स्वर्गीय चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर बड़ी संख्या में लोग होंगे शामिल

 

भूपेंद्र हुड्डा और उसके बेटे ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनवा दी, प्रदेश के लोगों में यह आम चर्चा है

 

विपक्ष कमजोर होने के कारण बीजेपी सरकार ने बिजली के बिल बढ़ा दिए, हमारे हिस्से का पानी पंजाब ने रोक दिया, गरीब आदमी के लिए सरसों का तेल महंगा कर दिया है, किसानों खाद, बीज न मिलने से परेशान है

 

एसवाईएल पर बोले, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू नहीं किया जा रहा है जो कि न्यायालय की अवमानना है, कोर्ट की तौहीन की जा रही है इसके लिए पंजाब पर मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए, भगवंत मान नौटंकीबाज आदमी है

 

गुरूग्राम, 11 जुलाई। इनेलो पार्टी ने शुक्रवार को गुरूग्राम में चौ. छोटूराम भवन में जोन स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने मीडिया से जानकारी साझा करते हुए बताया कि पार्टी का नया संगठन बनाया गया है और संगठन में जिन नए लोगों को शामिल किया है उनको नई जिम्मेवारी से अवगत करवाने के लिए और कैसे संगठन को आगे लेकर जाना है, संगठन में किस की क्या जिम्मेवारी है उसके लिए प्रशिक्षण शिविर लगाया है। इससे पहले हिसार जोन में भी सफल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा चुका है। हरियाणा को तीन जोन में बांटा है। गुरूग्राम जोन जिसमें 8 जिले हैं, हिसार जोन और अंबाला जोन में 7-7 जिले हैं। इनेलो के युथ, महिला, कर्मचारी, अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति, किसान, खेल, अल्पसंख्यक, व्यापार समेत 17 प्रकोष्ठ हैं उन सभी के संयोजक भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। हम प्रदेश के सभी गांवों में बूथ स्तर के जोन बनाएंगे। जिसके बारे में आज सभी को जानकारी दी जाएगी। हम नए सीरे से पार्टी को बूथ स्तर तक ले जाकर खड़ा करेंगे। प्रशिक्षण शिविर में इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती और विधायक अदित्य देवीलाल ने भी अपने विचार रखे और सभी का मार्गदर्शन किया।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्य विपक्ष बीजेपी सरकार के हाथों में खेल रहा है। भूपेंद्र हुड्डा पूर्ण रूप से भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। आज आम लोगों में चर्चा है कि लोग भाजपा को सत्ता से बाहर करना चाहते थे लेकिन भूपेंद्र हुड्डा और उसके बेटे ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनवा दी। विपक्ष कमजोर होने के कारण बिजली के बिल बढ़ा दिए, हमारे हिस्से का पानी पंजाब ने रोक दिया, गरीब आदमी के लिए सरसों का तेल महंगा कर दिया है। आज किसान खाद के लिए परेशान है, बीज नही मिल रहा है, डीजल की दिक्कत है। प्रदेश में चारो तरफ हाहाकार मचा हुआ है और कांग्रेस चुप है। इनेलो पार्टी चौ. देवीलाल का लगाया हुआ पौधा है। केवल इनेलो पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ जनता की लड़ाई सडक़ों पर आकर लड़ती है। पानी के मुद्दे पर हम लड़े और पंजाब सरकार को अल्टीमेटम दिया था कि 25 तारीख तक अगर हमारा पानी नहीं दिया तो हरियाणा से जाने वाले पंजाब के सभी रास्ते बंद कर देंगे उसका नतीजा यह निकला कि 23 तारीख को पानी छोड़ दिया। बिजली के मुद्दे पर भी हमने पंचकूला में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। अगर सरकार ने बिजली के दाम नहीं घटाए तो उसके लिए सडक़ों पर उतर कर जनता की लड़ाई लड़ेंगे।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हम संगठन मजबूत करने पर गंभीरता से काम कर रहे हैं। अगर हमारा संगठन मजबूत होगा तो हम सरकार को जनविरोधी निर्णय नहीं लेने देंगे। बहुत सारे लोग पार्टी ज्वाईन कर रहे हैं और 25 सितंबर को स्वर्गीय चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर बड़ी संख्या में शामिल होंगे। जो लोग हमें छोडक़र गए थे उन्हें बहकाया गया था और जो उन्हें लेकर गए थे उनका राजनीतिक भविष्य खत्म हो गया है। अब लोगों का भरोसा केवल इनेलो पर है। उन्होंने दावा किया कि संगठन के बलबूते से भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे।

एसवाईएल पर पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों की दिल्ली में हुई बैठक पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि यह बैठक पूरी तरह से बेनतीजा साबित हुई। एसवाईएल के विषय को कैसे भटकाया जाए उसके लिए पंजाब के मुख्यमंत्री ने चिनाब नदी का जिक्र कर दिया कि केंद्र चिनाब नदी का पानी पंजाब को दे। भगवंत मान नौटंकीबाज आदमी है। एसवाईएल पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू नहीं किया जा रहा है जो कि न्यायालय की अवमानना है। कोर्ट की तौहीन की जा रही है इसके लिए पंजाब पर मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button