Haryana News: हरियाणा निवास में बोले नायब सैनी
Haryana News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में दो लाख लोगों की पेंशन काटे जाने के विपक्षी दावे को पूरी तरह भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति की पेंशन समाप्त नहीं की गई है, बल्कि नियमानुसार कुछ मामलों में उसे अस्थायी रूप से रोका गया है। मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 1.03 लाख मामलों में लाभार्थियों के निधन के बाद पेंशन बंद की गई, जो नियमों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि अक्तूबर 2024 से रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया पोर्टल पर तकनीकी समस्या के कारण मृतकों का डेटा समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। नवंबर 2025 में डेटा प्राप्त होने के बाद एकमुश्त कार्रवाई की गई।
उन्होंने आगे बताया कि करीब 37 हजार मामलों में लाभार्थियों की वास्तविक आयु 60 वर्ष से कम पाई गई। जांच में सामने आया कि डाटाबेस में छेड़छाड़ कर पेंशन स्वीकृत करवाई गई थी।
ऐसे मामलों में पेंशन अस्थायी रूप से स्थगित की गई है और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर पुनः बहाल की जाएगी। इसके अतिरिक्त लगभग 39 हजार मामलों में आया का सत्यापन लंबित है। जांच पूरी होने के बाद पात्र पाए जाने पर पेंशन फिर से जारी कर दी जाएगी। कांग्रेस और इनेलो पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान पेंशन में केवल नाममात्र की वृद्धि हुई।
इनेलो सरकार ने पांच वर्षों में 200 रुपये और कांग्रेस ने दस वर्षों में 700 रुपये की वृद्धि की थी। वर्तमान सरकार ने पिछले 11 वर्षों में वृद्धावस्था पेंशन 1000 रुपये से बढ़ाक बढ़ाकर 3200 रुपये प्रतिमाह कर दी है, जो 2200 रुपये की वृद्धि है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आय सीमा दो लाख रुपये से बढ़ाकर तीन लाख रुपये किए जाने के बाद बड़ी संख्या में नए बुजुर्ग पेंशन योजना से जुड़े हैं। वर्तमान में प्रदेश में 20 लाख 31 हजार से अधिक बुजुर्ग पेंशन का लाभ ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र बुजुगों की पेंशन पूरी तरह सुरक्षित है।
18 योजनाओं के 56.34 लाख लाभार्थियों को 1,431 करोड़ जारी
प्रदेश में 18 विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत मंगलवार को 1,431 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जारी की गई। इस पहल से राज्य के लगभग 56 लाख 34 हजार लाभार्थियों को सीधा आर्थिक लाभ मिला।
चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री नायव सैनी ने बताया कि जारी की गई राशि में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत एलपीजी सब्सिडी और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना शामिल हैं। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा और कृष्ण कुमार बेदी भी मौजूद रहे।
34.14 लाख लोगों को पेंशन का लाभ बुढ़ापा, विधवा, दिव्यांग एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 1,098 करोड़ रुपये जारी किए गए, जिससे 34.14 लाख लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला। शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों और अपीलों के निष्पक्ष निपटान के लिए सभी जिलों के एडीसी को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक सप्ताह सोमवार और वीरवार को इन मामलों की सुनवाई सुनिश्चित करें।