Triveni was organized by Sarva Jan Educational and Vocational Institute in Government College Jind
पर्यावरण संरक्षण की ओर एक प्रेरक पहल
जींद/सूरज रोहिल्ला। राजकीय महाविद्यालय, जींद में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित त्रिवेणी रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्यवान मलिक ने की। इस अवसर पर सर्वजन एजुकेशनल एंड वोकेशनल संस्था के जिला प्रधान अभिषेक, संस्था के सदस्य गोविन्द सैनी, डॉ. मंजीत, रामकुमार, सागर नागर, अजय शर्मा, प्रथम, विकास, गौरव चहल सहित अनेक छात्र व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पीपल, बरगद और नीम जैसे पर्यावरण के लिए अत्यंत लाभकारी वृक्षों की त्रिवेणी लगाई गई। वृक्षारोपण के साथ साथ पर्यावरण जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
प्राचार्य डॉ. सत्यवान मलिक ने अपने संबोधन में कहा वृक्ष केवल ऑक्सीजन के स्रोत नहीं, बल्कि मानव जीवन की निरंतरता के आधार हैं। महाविद्यालय सदैव ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करता रहेगा, जो समाज और पर्यावरण दोनों के हित में हों।
सर्वजन संस्था के जिला प्रधान अभिषेक कहा कि युवा पीढ़ी को प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। वृक्षारोपण अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की अभिव्यक्ति है।
संस्था के सदस्य गोविंद सैनी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर ही सतत विकास संभव है। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जो पौधे आज लगाए गए हैं, उनकी देखरेख और सुरक्षा भी उतनी ही गंभीरता से की जाए।
इस अवसर पर डॉ. मंजीत ने कहा कि विज्ञान और प्रकृति का मेल ही सच्ची प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है। ऐसे आयोजनों से न केवल पर्यावरणीय चेतना बढ़ती है, बल्कि छात्र जीवन में जिम्मेदारी और सामाजिक संवेदनशीलता का भी विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने वृक्षों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।