Breaking News: Children of Poharka School learned new skills in summer camp
Breaking News: ऐलनाबाद खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पोहड़का में चल रहे सात दिवसीय समर कैंप के तीसरे दिन आज स्कूल के विद्यार्थियों ने खूब मौज मस्ती की और नए-नए कौशल सीखे।
बच्चों ने कला,साहित्य,संगीत, नृत्य और पेंटिंग, जैसी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारा।
विद्यालय के प्राचार्य श्री सुरेश कुमार पूनिया ने कहा कि यह शिविर बच्चों के शारीरिक और बौद्धिक विकास के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है । इस कैम्प में बच्चों के पास अपनी प्रतिभा को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का शानदार अवसर है। स्कूल प्राचार्य ने बच्चों के लिए चार्ट पेपर, स्कैच, रंग व अन्य आवश्यक सामग्री विद्यालय की ओर से उपलब्ध करवाई है ।
विद्यालय के हिंदी शिक्षक बेगराज कलवांसिया व पंजाबी भाषा के प्रवक्ता अश्वनी कुमार ने आज बच्चों को कला, साहित्य, संगीत और नृत्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कला,साहित्य और संगीत संस्कृति की रीढ़ और शिखर हैं। ये हमारी सर्वोच्च संपदा हैं। कलाओं में संलग्न होना, डूब जाना और उनमें महारत हासिल करना हमारी सर्वोच्च साधना है, हमारे समाज और सभ्यता का उत्कर्ष है।
इस सात दिवसीय कैम्प के प्रभारी प्रवक्ता पवन कुमार गोर्छिया ने कहा कि इस कैम्प का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं है बल्कि बच्चों को सुरक्षित, जागरुक और आत्मनिर्भर नागरिक बनाना है। यह समर कैंप न केवल बच्चों के लिए मनोरंजन का माध्यम बना है बल्कि उनके भीतर छिपे प्रतिभा और कौशल को निखारने का एक शानदार मंच भी साबित हो रहा है ।
उन्होंने शिविर संचालन में लगे सभी शिक्षक साथियों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ी के लिए एक मजबूत नींव का कार्य करेगी।