Sirsa News: सिरसा के इस शहर में बनेगा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, 300 एकड़ भूमि चिन्हित
Sirsa News: ऐलनाबाद में बनेगा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), 300 एकड़ भूमि चिन्हित
Sirsa News: हरियाणा के सिरसा जिले के ऐलनाबाद क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के सहयोग से ऐलनाबाद में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) की स्थापना का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसके लिए गांव मिठ्ठी सुरेरां की 300 एकड़ से अधिक पंचायती भूमि को चिन्हित किया गया है।
इस संबंध में उपायुक्त सिरसा द्वारा तहसीलदार ऐलनाबाद और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें मिठ्ठी सुरेरां गांव की जमाबंदी और शिजरा की प्रति के साथ-साथ ग्राम पंचायत से प्रस्ताव पारित करवाने का निर्देश दिया गया है ताकि आईआईटी के निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।
प्रस्ताव के अनुसार, यह संस्थान देश के बड़े महानगरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिसमें अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं, शोध केंद्र, प्रयोगशालाएं और आवासीय परिसर होंगे। तकनीकी शिक्षा विभाग, हरियाणा के महानिदेशक द्वारा 10 फरवरी 2025 और 4 मार्च 2025 को जारी पत्रों में इस दिशा में औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
देश में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी बल्कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अपने ही जिले में अवसर प्राप्त होंगे।
यह कदम ऐलनाबाद को शिक्षा के नए मानचित्र पर स्थापित करेगा और रोजगार के नए द्वार खोलेगा।