Cm Raid in Haryana: हरियाणा के इस गांव में सीएम फ्लाइंग की रेड..6 घंटे तक चली गहन जाँच पड़ताल
Cm Raid in Haryana: हांसी के हाजमपुर गांव में सीएम फ्लाइंग की रेड
Cm Raid in Haryana: टायर से तेल निकालने व टायर रिक्लेम सीट बनाने की फैक्ट्री पर 6 घंटे जांच
प्रदूषण, अग्नि सुरक्षा व कराधान विभाग की टीमों ने की गहनता से जांच, अनियमितताओं पर नोटिस व दस्तावेज कब्जे में लिए
हिसार, 7 अगस्त।
Cm Raid in Haryana: हिसार रेंज सीएम फ्लाइंग की टीम ने वीरवार को हांसी क्षेत्र के गांव हाजमपुर में स्थित दो फैक्ट्रियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 घंटे तक गहन जांच की। इन फैक्ट्रियों में पुराने टायरों से तेल निकालने और टायर ट्यूब से टायर रिक्लेम सीट बनाने का कार्य किया जाता है।
रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने किया। टीम में प्रदूषण नियंत्रण विभाग, अग्निशमन विभाग, कराधान विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव हाजमपुर में पुराने टायरों से तेल निकालने और रबर से टायर रिक्लेम सीट बनाने की फैक्ट्री है, जहां पर कुछ अनियमितता बरतने की आशंका है। इस पर विभिन्न विभागों की टीम के साथ फैक्ट्री में रेड की गई।
प्रमुख बिंदु:
प्रदूषण विभाग द्वारा फैक्ट्री की चिमनी से निकलने वाले धुएं का एयर सैंपल लिया गया, जिसे पंचकूला लैब भेजा गया है।
कराधान विभाग ने फैक्ट्री से खरीद-बिक्री से जुड़े बिल और दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की है।
अग्निशमन विभाग ने आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी पर फैक्ट्री प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
फैक्ट्री में मौजूद 28,000 लीटर टायरों से निकाला गया तेल दो टैंकों में पाया गया।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके पर फैक्ट्री के मालिक रौनक भी मौजूद रहे। रबड़ ट्यूब से टायर रिकलेम सीट की फैक्ट्री के पास प्रदूषण व अग्निशमन विभाग के लाइसेंस पाए गए। इसके धुंए के एयर सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं और खरीद बेच बिलो को जांच के लिए कराधान विभाग द्वारा कब्जे में लिया गया है।
इसके अतिरिक्त, परिसर में बहार इंटरनेशनल नामक एक अन्य फैक्ट्री भी पाई गई, जहां टायर से तेल निकालने का कार्य किया जाता था। यहां भी फायर सेफ्टी के नाम पर सिर्फ एक सिलेंडर पाया गया और अन्य कोई सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे। इस पर अग्निशमन विभाग ने नोटिस जारी किया है। उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति इस तरह का कार्य करता है तो वह सरकार द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करे। किसी भी तरह की अनियमितता, प्रदूषण, टैक्स चोरी या फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी:
प्रदूषण विभाग के साइंटिस्ट दीपक, अग्निशमन विभाग के विनोद, जसवीर, राहुल, कराधान विभाग के निरीक्षक मोहित, खाद्य आपूर्ति विभाग के प्रदीप सैनी, एएसआई सुरेंद्र और हेड कांस्टेबल विजय आदि इस रेड में शामिल रहे।
सीएम फ्लाइंग टीम की रेड की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गांव में इस प्रकार की रेड को लेकर लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।
फोटो : हांसी के हाजमपुर में सीएम फ्लाइंग की इंचार्ज सुनैना और विभिन्न विभागों की टीम फैक्ट्री में जांच करते हुए।